Touch Gujarat Special: डॉलर @95.22—क्या यह रुपया डूबने की शुरुआत है या RBI की नई रणनीति?
Touch Gujarat Special: डॉलर @95.22—क्या यह रुपया डूबने की शुरुआत है या RBI की नई रणनीति?
रिपोर्ट: प्रतीक काशीकर | एडिटर-इन-चीफ, Touch Gujarat
भारतीय रुपये ने आज एक नया ऐतिहासिक निचला स्तर छुआ है। डॉलर के मुकाबले रुपया 95.22 तक पहुँच गया। यह स्थिति भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए 'ब्लैक ट्यूसडे' भी है और एक कड़वा 'वेकअप कॉल' भी। लेकिन इस शोर के बीच RBI की एक बड़ी कार्रवाई और ग्लोबल डेटा जो इशारा कर रहे हैं, उसे समझना हर भारतीय के लिए ज़रूरी है।
अब आप पूछेंगे कि ये 'ब्लैक मंडे' वाली बात तो समझ आ रही है, पर 'वेकअप कॉल' क्यों?
वेकअप कॉल इसलिए, क्योंकि अब हमें 'इम्पोर्टर' (आयातक) की छवि छोड़कर सच्चे अर्थों में 'एक्सपोर्टर' (निर्यातकर्ता) बनने की ज़रूरत है। यह गिरावट हमें याद दिलाती है कि जब तक हम तेल से लेकर मोबाइल चिप तक के लिए दूसरों का मुँह ताकेंगे, डॉलर हमें ऐसे ही डराता रहेगा।
1. RBI का कड़ा एक्शन: बैंकों पर $100 मिलियन की 'लक्ष्मण रेखा'
रुपये की गिरावट को रोकने के लिए RBI ने सबसे बड़ा हमला 'सट्टेबाजी' पर किया है।
नियम: RBI ने बैंकों के लिए Net Open Position Limit (NOPL) को घटाकर $100 मिलियन कर दिया है।
वजह: कई बैंक डॉलर की जमाखोरी (Hoarding) कर रहे थे, इस उम्मीद में कि रुपया और गिरेगा तो वे मुनाफा कमाएंगे। RBI के इस निर्देश का मतलब है कि अब बैंकों को अतिरिक्त डॉलर बाज़ार में बेचने होंगे। इससे डॉलर की किल्लत कम होगी और रुपये को सहारा मिलेगा।
2. डॉलर का गिरता साम्राज्य: 71% से 57% का सच
दुनिया अब डॉलर की 'गुलामी' से बाहर आने की कोशिश कर रही है, और इसके पीछे ठोस आंकड़े हैं:
डेटा: साल 2000 में दुनिया के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में डॉलर की हिस्सेदारी 71.2% थी। IMF की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, अब यह गिरकर 58.4% (करीब 57-58%) रह गई है।
वजह: अमेरिका ने डॉलर को 'हथियार' (Weaponization) बनाया है। रूस के $300 बिलियन एसेट्स फ्रीज़ होने के बाद भारत समेत कई देशों को समझ आ गया कि सिर्फ डॉलर पर निर्भर रहना सुरक्षा के लिहाज़ से खतरनाक है। भारत ऊँचे दाम (High Price) पर डॉलर बेचकर धीरे-धीरे इस 'टॉक्सिक' करेंसी से बाहर आ रहा है।
3. वोस्त्रो (Vostro) खाते: डॉलर को बाईपास करने का भारत का रस्ता
भारत ने डॉलर के दबदबे को तोड़ने के लिए Vostro Accounts का इस्तेमाल शुरू किया है।
वोस्त्रो क्या है? यह एक लैटिन शब्द है जिसका मतलब है—"आपका खाता हमारे पास।"
कैसे काम करता है? भारतीय बैंकों (जैसे UCO बैंक) ने रूस और अन्य 22 देशों के साथ रुपये में व्यापार करने के लिए विशेष वोस्त्रो खाते खोले हैं। इसमें भारत उन देशों से सामान खरीदता है और पेमेंट सीधे उनके 'वोस्त्रो खाते' में भारतीय रुपये में करता है। इससे डॉलर की ज़रूरत ही खत्म हो जाती है और अमेरिका के SWIFT सिस्टम की दादागिरी भी नहीं चलती।
4. UPI ग्लोबल: डिजिटल दुनिया का 'स्वदेशी' प्रहार
UPI सिर्फ एक पेमेंट ऐप नहीं, बल्कि अमेरिका के Visa और Mastercard जैसे बड़े साम्राज्यों के लिए खतरा है।
ट्रांजैक्शन टैक्स खत्म: अब तक इंटरनेशनल पेमेंट्स के लिए अमेरिकन नेटवर्क का इस्तेमाल होता था जो मोटा कमीशन लेते थे।
ग्लोबल विस्तार: भारत अब UPI को सिंगापुर, यूएई, और फ्रांस जैसे देशों के साथ जोड़ रहा है। जिस दिन ग्लोबल ट्रेड (B2B) में UPI और 'डिजिटल रुपया' का पूरा इस्तेमाल शुरू हो जाएगा, उस दिन डॉलर-आधारित बैंकिंग सिस्टम ढह जाएगा।
5. 'इम्पोर्ट प्रेम' बनाम 'स्वदेशी': iPhone का गणित
रुपये के गिरने का सीधा असर आपकी जेब पर पड़ता है, जिसे हम 'इम्पोर्टेड इन्फ्लेशन' कहते हैं।
उदाहरण: $1,000 की कीमत वाला एक विदेशी फोन (जैसे iPhone), जब डॉलर ₹80 था, तो ₹80,000 का पड़ता था। आज ₹95.22 के रेट पर वही फोन बिना किसी बदलाव के ₹95,220 का हो गया है।
सजा: बिना कुछ किए आपकी जेब से ₹15,000 एक्स्ट्रा निकल गए। इसीलिए हमें स्वदेशी अपनाना होगा ताकि हमारा पैसा डॉलर बनकर बाहर न जाए।
जब हमने NSE के ताज़ा आंकड़ों की पड़ताल की, तो कुछ ऐसी चीज़ें सामने आईं जो सामान्य निवेशको की नींद उड़ाने के लिए काफी हैं:
₹95 का मनोवैज्ञानिक स्तर ध्वस्त: 28 अप्रैल 2026 की एक्सपायरी वाले USDINR कॉन्ट्रैक्ट्स का 'High' 95.67 तक पहुँच गया। इसका मतलब है कि बड़े ट्रेडर्स ने पहले ही मान लिया है कि रुपया अब 95 के पार ही रहेगा।
3.21% का भारी उछाल: सिर्फ एक दिन में करेंसी मार्केट में 3% से ज्यादा की बढ़त ये बताती है कि डॉलर की मांग 'पैनिक मोड' में पहुँच गई है।
सट्टेबाज़ों का खेल: डेटा में 'Currency Options' में 95.65% की भारी बढ़त दिख रही है। ये वही सट्टेबाज़ी है जिसे रोकने के लिए RBI ने $100 Million की लिमिट का हथौड़ा चलाया है।
कड़वा सच: जब NSE के डेटा में इतना 'पैनिक' दिखता है, तभी RBI की कार्रवाई सबसे ज्यादा ज़रूरी हो जाती है। ये लाल निशान सिर्फ आंकड़ों की गिरावट नहीं, बल्कि आम आदमी की जेब कटने का लाइव सबूत हैं।
निष्कर्ष: Touch Gujarat का विश्लेषण
95.22 का स्तर डरावना लग सकता है, और आने वाले समय में डॉलर १०० रूपये के पार भी जा सकता है। लेकिन यह भारत की 'डी-डॉलराइजेशन' की रफ़्तार तेज़ करने का मौका है। RBI की $100 मिलियन की लिमिट, वोस्त्रो खातों का बढ़ता जाल और UPI की ग्लोबल दस्तक इशारा कर रही है कि भारत अब डॉलर के 'जंग लगे' सिस्टम से बाहर निकलने की तैयारी कर चुका है।
डरिए मत, लड़िए! क्योंकि अब लड़ाई सरहदों पर नहीं, 'सर्वर' और 'सप्लाई चेन' पर है।
- प्रतीक काशीकर
एडिटर-इन-चीफ, Touch Gujarat


No comments